
उदित वाणी जमशेदपुर : शहर की पुलिस प्रशासन ने त्वरित और समन्वित कार्रवाई करते हुए कैरव गांधी को सकुशल बरामद कर मंगलवार को प्रातः लगभग 4:30 बजे उनके निवास पर सुरक्षित रूप से उनके परिजनों को सौंप दिया। बेटे के सुरक्षित घर लौटने के बाद पूरे परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस-प्रशासन के प्रति आभार जताया।
इस पूरे मामले को लेकर सिटी एसपी शिवाशिष कुमार से बातचीत में उन्होंने बताया कि प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए शुरुआत से ही इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया। सूचना मिलते ही विशेष टीमों का गठन कर तकनीकी निगरानी, संभावित ठिकानों की पहचान और लगातार फील्ड ऑपरेशन चलाया गया। उन्होंने कहा कि समय पर लिए गए निर्णय और टीमवर्क के कारण ही कैरव गांधी को सुरक्षित बरामद किया जा सका।
वहीं, कैरव गांधी के पिता देवांग गांधी ने स्थानीय पुलिस तथा झारखंड पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए सहयोग और प्रयासों के लिए हृदय से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने परिवार से लगातार संपर्क बनाए रखा और हर स्तर पर सहयोग किया, जिससे उन्हें विश्वास बना रहा कि उनका बेटा सुरक्षित वापस लौटेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे अभियान में एसएसपी के कुशल नेतृत्व में सिटी एसपी एवं ग्रामीण एसपी द्वारा त्वरित और आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई की गई। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ झारखंड पुलिस की विभिन्न टीमों ने चौबीसों घंटे मेहनत करते हुए तकनीकी साक्ष्यों, इनपुट्स और जमीनी सूचनाओं के आधार पर अभियान को अंजाम दिया। टीमों की सतर्कता और अथक प्रयासों के कारण किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचते हुए मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों और शुभचिंतकों से विनम्र अपील की है कि वे कैरव गांधी के निवास पर एकत्रित न हों और परिवार की निजता का सम्मान करें। अधिकारियों ने कहा कि लंबे तनाव के बाद परिवार अपने बेटे के साथ निजी समय बिताना चाहता है, ऐसे में सभी का सहयोग आवश्यक है।
इस सफल बरामदगी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि मजबूत नेतृत्व, त्वरित निर्णय और समर्पित टीमवर्क के बल पर पुलिस प्रशासन किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम है।

