
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा स्थित श्रीश्री बाला गणपति विलास में गणेश महोत्सव की शुरुआत गुरुवार को धूमधाम से हुई. दिनभर भारी बारिश के बावजूद मेले में श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व विधायक सरयू राय ने दीप प्रज्वलित कर की, जबकि सांसद विद्युतवरण महतो ने मेले का उद्घाटन किया. पूजा-अर्चना का सिलसिला 17 सितंबर तक चलेगा. इस दौरान प्रतिदिन सुप्रभातम, वेदपरायणं, अभिषेकम, सहस्त्रनाम और होमम पूजा जैसे विशेष अनुष्ठान हो रहे हैं. 5 और 12 सितंबर को विशेष कुमकुम पूजा का आयोजन होगा.
बिहार, बंगाल, उड़ीसा-छत्तीसगढ़ से भी पहुंचे श्रद्धालु
गणेश पूजा मेले का आकर्षण सिर्फ जमशेदपुर तक ही सीमित नहीं रहा. बिहार, बंगाल, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ से भी श्रद्धालु पहुंचे. रंग-बिरंगे स्टॉल, हस्तशिल्प, खिलौने और मिठाई की दुकानों ने मेले की रौनक को दोगुना कर दिया. वहीं रेंजर झूला, सुनामी झूला और जलपरी शो बच्चों और युवाओं के लिए मुख्य आकर्षण बने हुए हैं.
पहली बार जलपरी शो
इस साल मेला खास इसलिए भी है क्योंकि पहली बार जलपरी शो का आयोजन किया गया है. परिवारों और बच्चों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया यह शो प्रतिदिन शाम को हो रहा है और बड़ी संख्या में लोग इसे देखने उमड़ रहे हैं.
आने वाले दिनों में बड़े आयोजन
13 सितंबर को भव्य महाभंडारा का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है. वहीं 14 सितंबर की शाम कदमा रंकिणी मंदिर के सामने विशेष आरती होगी. इसके बाद भव्य विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा.
कई गणमान्य शामिल
मेले के शुभारंभ मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक सरयू राय, मीरा मुंडा, टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष रवि प्रसाद, बाल गणपति विलास के अध्यक्ष वाइके शर्मा और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे.
