
उदित वाणी, जमशेदपुर : जिला मुख्यालय से सटे ऐतिहासिक चंद्र मौलेश्वर महादेव मंदिर (कचहरी बाबा मंदिर) में गुरुवार सुबह उस समय हंगामा मच गया जब टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई जुस्को ने मंदिर के पीछे की ओर घेराबंदी का काम शुरू कर दिया. यह हिस्सा जुबिली पार्क से सटा हुआ है.
मंदिर कमेटी का कहना है कि जुस्को की ओर से की जा रही घेराबंदी के कारण मंदिर का पिछला निकास मार्ग बंद हो जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी होगी. इसे लेकर मंदिर प्रबंधन समिति ने विरोध जताया, जिसके बाद स्थानीय हिंदूवादी संगठन और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और जुस्को प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे.
विश्व हिंदू परिषद के नेता अरुण सिंह ने आरोप लगाया कि “जुस्को बिना किसी पूर्व वार्ता या मंदिर कमेटी को भरोसे में लिए एकतरफा कार्रवाई कर रही है. यह सनातन संस्कृति पर हमला है और इस तरह के दोहरे मानदंड बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे.” उन्होंने चेतावनी दी कि “हम हर स्तर पर इसका विरोध करेंगे, क्योंकि यह लोगों की आस्था और धार्मिक भावना से जुड़ा मामला है.”
उधर जुस्को सूत्रों के अनुसार, यह घेराबंदी जुबिली पार्क की सुरक्षा और सौंदर्यीकरण योजना के तहत की जा रही है. हालांकि, बढ़ते तनाव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है ताकि किसी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके.
फिलहाल प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में है, मगर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तनाव और असंतोष का माहौल बना हुआ है.

