
उदित वाणी, जमशेदपुर : वर्ष 1926 में स्थापित जुगसलाई की ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था श्री राजस्थान शिवमन्दिर अपनी स्थापना के गौरवशाली एक सौ वर्ष पूरे करने जा रही है. शताब्दी वर्ष 2026 के अवसर पर पूरे वर्ष भर विभिन्न वृहद धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
शताब्दी समारोह की कड़ी में प्रथम श्रीमद्भागवत कथा एवं द्वितीय श्री शिवमहापुराण कथा गत माह सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी है. तृतीय कार्यक्रम के रूप में श्री कृष्ण भक्ति की अनुपम ‘नानी बाई रो मायरो’ कथा का भव्य आयोजन 26 से 30 दिसंबर 2025 तक मंदिर के शीतताप नियंत्रित बैंक्वेट हॉल नारायणम में हो रहा है.
कथा का मंत्रमुग्ध कर देने वाला वाचन राजस्थान के खाचरियावास निवासी विद्वान कथावाचक पंडित चंद्रप्रकाश शास्त्री जी के मुखारविंद से होगा. वे अपने 11 सदस्यीय दल के साथ 26 दिसंबर को राजधानी एक्सप्रेस से जमशेदपुर पहुंचेंगे.
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने हेतु मंदिर अध्यक्ष श्री छीतरमल धूत, महामंत्री श्री अरुण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्री दीपक अग्रवाल रामूका के नेतृत्व में संपूर्ण कार्य समिति तन्मयता से जुटी हुई है. सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं.

