
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में घर में घुसकर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने इस घटना में शामिल एक अपरा अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का सामान बरामद किया है.
मामले की जानकारी के अनुसार, वादिनी सुमन देवी (50 वर्ष), पति मनोहर लाल गुप्ता, निवासी शिव घाट रोड, सेंट जॉन स्कूल के पास, थाना जुगसलाई, जिला पूर्वी सिंहभूम ने 23 जुलाई 2025 को लिखित आवेदन देकर घर में घुसकर सोने-चाँदी के आभूषण और नगद रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी. इस आधार पर जुगसलाई थाना में अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया.
पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के निर्देशानुसार एवं थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तत्परता दिखाते हुए तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी अजहर अली उर्फ पोट्रो (19 वर्ष), पिता अमजद अली, निवासी हबीबनगर गौरीशंकर रोड, थाना जुगसलाई, जिला पूर्वी सिंहभूम को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपी के निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद किया गया, जिसमें रोल्ड-गोल्ड के दो कंगन, चाँदी जैसे दो पायल और चाँदी जैसी दो बिछिया शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जाँच की जा रही है.
थाना प्रभारी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह से सतर्क है.

