
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात चलाए गए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा. इनमें से एक के पास से देशी पिस्तौल और जिंदा गोली बरामद हुई है.
वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर 10 अक्टूबर की रात पार्वती घाट बस्ती स्थित श्मशान घाट गेट के पास सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान रात करीब 10:10 बजे बाइक पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए. पुलिस के रुकने के इशारे पर दोनों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन तत्पर पुलिस बल ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया.

तलाशी में मो. रेहान के बैग से एक देशी पिस्तौल, मैगजीन और पोको कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिला. वहीं, उसके नाबालिग साथी की जेब से एक जिंदा गोली और सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया. बरामद हथियार और मोबाइल को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया.
मो. रेहान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नाबालिग को विधि अनुसार सुपुर्द किया गया. पुलिस यह जांच कर रही है कि दोनों युवक हथियार लेकर किस उद्देश्य से घूम रहे थे और हथियार सप्लाई चेन से उनका क्या संबंध है.

