
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई चौक बाजार स्थित ठाकुरबाड़ी रोड पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. वर्षों से जर्जर हालत में खड़ा दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा. गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और आसपास अफरा-तफरी मच गई. मलबे की चपेट में एक बाइक पूरी तरह दब गई, जबकि आशंका जताई जा रही है कि कुछ अन्य वाहन भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं.
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मकान करीब 25 वर्षों से खंडहरनुमा स्थिति में था. मालिकों के आपसी विवाद और देखरेख के अभाव के कारण इसकी मरम्मत कभी नहीं की गई. लोगों का आरोप है कि प्रशासन को बार-बार सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई.

सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि हादसे में पास ही स्थित सौ साल पुराना सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी मंदिर भी प्रभावित हुआ है. मंदिर की दीवारों और संरचना को आंशिक नुकसान पहुँचा है, जिससे भक्तों में गहरी नाराज़गी है. साथ ही एक नजदीकी मकान भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया.
घटना की जानकारी मिलते ही जुगसलाई नगर परिषद और थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया. हालांकि परिषद के अधिकारी मीडिया से बात करने से बचते रहे, जिससे लोगों का रोष और बढ़ गया.
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ. उनका कहना है कि यदि समय रहते जर्जर मकान को गिराने की कार्रवाई की जाती तो इस दुर्घटना से बचा जा सकता था. फिलहाल इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है.

