
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद के मेयर पद चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे चुनावी माहौल गर्माता जा रहा है. इसी क्रम में प्रत्याशी नौशीन खान के समर्थन में झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायत खान ने विभिन्न मोहल्लों और वार्डों में नुक्कड़ सभाएं कीं. उन्होंने लोगों से नौशीन खान को समर्थन देने की अपील की.
जनसभाओं को संबोधित करते हुए हिदायत खान ने कहा, “नौशीन खान सक्रिय और जनहितकारी नेता हैं, जो क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं.” उन्होंने सड़क, नाली, जलापूर्ति, साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता देने का आह्वान किया. युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योजनाओं का भी वादा किया गया.
नुक्कड़ सभाओं में अच्छी-खासी भीड़ जुटी. समर्थकों ने घर-घर जाकर प्रचार किया और विकास के मुद्दों पर मतदान की अपील की. चुनावी तारीख नजदीक आने के साथ प्रत्याशियों का अभियान तेज हो गया है, जिससे जुगसलाई में सरगर्मी चरम पर है.

