
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के पटना कॉलोनी की 20 वर्षीय युवती तसनीम कौसर सोमवार सुबह से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई है. परिजनों के अनुसार वह रोज की तरह सुबह कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी. देर रात तक परिवार और मोहल्लेवालों ने हर जगह तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.
तसनीम के अचानक गायब हो जाने से पूरे परिवार में मातम का माहौल है. परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और हर गुजरते पल के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है. मोहल्ले के लोग भी घर-घर जाकर युवती की खोज में लगे हैं. परिजन पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर जानकारी लेने की कोशिश करते रहे, लेकिन कहीं से भी सकारात्मक जवाब नहीं मिला. आखिरकार उन्होंने जुगसलाई थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. बताया गया कि कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों में सहपाठियों व शिक्षकों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही, इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि युवती की लोकेशन का कोई सुराग मिल सके. पुलिस का कहना है कि हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही तसनीम कौसर का पता लगा लिया जाएगा.
परिवार और पुलिस दोनों ने आम जनता से सहयोग की अपील की है. यदि किसी को भी तसनीम कौसर के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो वे तुरंत मोबाईल नंबर 7004957950 पर संपर्क कर सकते हैं.

