
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के जोंड्रागोड़ा में एक मनिहारी दुकान को चोरों ने देर रात अपना निशाना बनाया. दुकान की छत पर लगे एसबेस्टस को खोलकर चोर अंदर घुसे और करीब 80 हजार रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर गए. घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब पड़ोसियों ने दुकान स्वामिनी को इस संबंध में सूचित किया. मामले की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, भुक्तभोगी महिला गीता देवी जोंड्रागोड़ा में अपनी मनिहारी दुकान चलाती हैं. रोज की तरह उन्होंने बीते रात लगभग 9.30 बजे दुकान को बंद किया था और घर चली गई थीं. सुबह जब दुकान पहुंचीं तो देखा कि छत का एसबेस्टस अपनी जगह से हटा हुआ है. संदेह होने पर जब उन्होंने भीतर जाकर देखा तो पाया कि दुकान का कीमती सामान गायब है. इसमें सौंदर्य प्रसाधन, परफ्यूम, कृत्रिम गहने, बटन, क्लिप, बिंदी, सिंदूर, थैली, कॉस्मेटिक आइटम समेत अन्य सामग्री शामिल है.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे. परिवार के सदस्य हरेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी सुंदरनगर थाना को दी और लिखित शिकायत सौंपी. इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने दुकान के भीतर की स्थिति और छत के छेद को देखा, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि चोर छत की ओर से अंदर घुसे थे.
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गई सामग्री की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये के आसपास है. दुकान में लगे ताले को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंची है, जिससे यह संकेत मिलता है कि चोर छत के रास्ते ही दाखिल हुए थे. चोरी की यह वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से दुकान की रेकी की थी.
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके. सुंदरनगर पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का उद्भेदन किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा. चोरी की इस वारदात से इलाके के दुकानदारों में दहशत है और उन्होंने रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की है.

