उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील की ओर से कदमा के प्रकृति विहार में चल रहे जोहार हाट में बुधवार को लोगों की खूब भीड़ दिखी. देश की जनजातीय कलाकृतियों को प्रोत्साहित करने के मकसद से हर माह आयोजित होने वाले इस आयोजन में इस बार झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को रंग दिख रहा है.
हस्तकला के साथ जनजातीय व्यंजनों को भी खूब पसंद किया जा रहा है. यही नहीं झारखंड के ट्राइबल हीलरों ने अपने ऑर्गेनिक प्रोडक्ट को भी डिस्प्ले किया है.
सीमा उरांव और गणेश कुमार ने बताया कि आर्गेनिक प्रोडक्ट्स के साथ लूमंग क्राफ्ट को प्रदर्शित किया गया है. झारखंड के संथाल और उरांव जनजातीय समुदाय में यह प्रथाएं काफी मशहूर है. रीना टोप्नो, संदीप मुंडा, उपेन्द्र सिंह मुंडा और माया सोरेन ने बताया कि जोहार हाट में हमने जनजातीय व्यंजनों को परोसा है. लोग काफी पसंद कर रहे हैं.
आज के फास्ट फूड के दौर में युवा भी इन जनजातीय व्यंजनों को खा रहे हैं. प्रगति उद्योग महिला समिति ने ऑर्गेनिक साबून और मंजूला ने झारखंड के व्यंजनों का फ्यूजन पेश किया है.
इस आयोजन के लिए इस माह का विषय सरहुल है, जो भारत के झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ राज्यों में कुछ स्वदेशी जनजातियों द्वारा मनाया जाने वाला त्योहार है. जोहार हाट में सरहुल के पारंपरिक तत्वों के साथ भोजन और कार्यशालाओं को शामिल किया गया है. हाट का आयोजन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक हो रहा है.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।