
उदित वाणी, जमशेदपुर : जेएनएसी और मानगो नगर निगम क्षेत्र में आवारा पशुओ का सर्वेक्षण करा कर इन्हें सुरक्षित आश्रय गृह या गौशाला में रखा जाएगा. इसके लिए 10 सदस्यीय समिति का गटन किया गया है. मंगलवार को समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में इन पशुओ को गौशाला में पुनर्वास व्यवस्था पर जोर दिया गया. बैठक में आवारा पशुओं की पहचान, सुरक्षित पकड़, स्थानांतरण एवं पुनर्वास की जिम्मेदारी समिति को दी गई है.
सभी वार्डों में आवारा पशुओं का सर्वे किया जाएगा विशेषकर गाय, बैल, कुत्ते आदि का, चिन्हित पशुओं को मानवतावादी प्रक्रिया अपनाते हुए अधिकृत गौशालाओं एवं आश्रय केंद्रों में रखा जाएगा, जहाँ उनकी देखभाल, चिकित्सीय उपचार, चारा-भूसा एवं सुरक्षा सुनिश्चित होगी. पशुओं की नसबंदी व टीकाकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा ताकि भविष्य में आवारा पशुओं की संख्या नियंत्रित रहे.
समिति नगर निकाय, पशु चिकित्सा विभाग तथा गौशाला संचालकों के साथ समन्वय स्थापित करेगी, जिससे पशुओं की देखभाल में कोई बाधा न आए.
उप-नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि पशु संरक्षण और सार्वजनिक सुरक्षा दोनों हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता हैं आवारा गोवंश को सुरक्षित आश्रय प्रदान कर उन्हें गौशाला में उचित देखभाल उपलब्ध कराई जाएगी. नागरिकों से अपील है कि वे गोवंश को सडक़ों पर न छोड़ें तथा किसी भी सूचना के लिए नगर निकाय से संपर्क करें.

