
उदित वाणी, रांची: मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू के आप्त सचिव उदयशंकर के आवास पर ईडी की दबिश से झामुमो भड़क गया.
मंगलवार को पार्टी के केन्द्रीय प्रवक्ता सुप्रीयो भट्टाचार्य ने संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि झारखंड में कृत्रिम व्यवस्था बनाई जा रही है. राज्य में अव्यवस्था फैलाई जा रही है. ताकि राज्य सरकार काम नहीं कर सके. केंद्रीय जांच एजेंसियां इसी काम में जुटी है. उन्होंने कहा कि केन्द्रीय जांच एजेंसियां अब कलर्क, किरानी, चपरासी से लेकर अधिकारी तक सबके घरों में घुस रही है.
एजेंसियों द्वारा छापामारी करके प्रेस नोट जारी नहीं किया जाता है. लेकिन मीडिया में सारी बातें छप रही है. आखिर कहीं से तो मीडिया को ब्रीफिंग हो रहा है. सीबीआई-ईडी राज्य में मकड़जाल फैला रही है.
सिस्टम को कोलेप्स किया जा रहा है. बार-बार सीएमओ को नाम लिया जाता है. सीएम को समन किया जाता हैं. उनके साथ रहनेवाले अफसरों को समन किया जाता है. जाच एजेंसियों ने अंधेर नगरी बना दिया है. उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद से जब से सरकार ने राज्य हित में काम करना शुरू किया.
उसके बाद से ही केंद्र सरकार ने राज्य में सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों को भेज राज्य सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है. राज्य में केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को चाहिये कि वह लोकसभा में प्रस्ताव पास कर दे कि देश में गैर भाजपा शासित राज्य नहीं होंगे. जब तक यह सृष्टि है. भाजपा ही केंद्र से लेकर राज्य तक की सता में रहेगी. इससे केंद्र को किसी तरह के नौटंकी करने की जरूरत ही नहीं होगी.

