
उदित वाणी, रांची: झामुमो को आशंका है कि ईडी द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है और आशंकाओं को लेकर झामुमो की ओर से पूरी तैयारी शुरू कर दी गई है.
वहीं मुख्यमंत्री के बाद शनिवार को झामुमो की ओर से भी धमकी दी गई. पार्टी के महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भटटाचार्य ने झामुमो के केन्द्रीय कार्यालय में संवाददाताओं के साथ बातचीत में स्पष्ट तौर पर कहा कि अगर हेमंत सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया गया, तो पार्टी के नेता कार्यकर्ता रेल पटरी पर बैठेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग में भी बैठेंगे और हवाई पटटी पर भी जायेंगे.
उन्होंने कहा कि 5 नवंबर से भाजपा की सामंतवादी सोच के खिलाफ आन्दोलन शुरू हो गया है. भाजपा केन्द्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है.
भटटाचार्य ने कहा कि यह आन्दोलन गांव टोलों तक जायेगा। वहीं उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सोरेन के अधिवक्ता ने 1 नवंबर को ही राज्यपाल को पत्र लिखकर नैसगिंक न्याय के आलोक में चुनाव आयोग के पहले ओपिनियन की कॉपी मांगी. परन्तु चार दिन बाद भी अबतक कॉपी नहीं मिली.

