
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो स्थित जे.के.एस. इंटर कॉलेज में शुक्रवार को नवनिर्मित तिमंजिला भवन का उद्घाटन विधायक एवं कॉलेज अध्यक्ष सरयू राय ने फीता काटकर किया. उद्घाटन के साथ ही कॉलेज परिसर उत्साह और उल्लास से गूंज उठा. इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक एवं प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए.
समारोह में संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि जैसे मजबूत नींव पर ही गगनचुंबी इमारत का निर्माण संभव होता है, वैसे ही विद्यार्थी किसी भी संस्था की सशक्त नींव होते हैं. उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों में ज्ञान का दीप जलाएं, ताकि उसका प्रकाश पूरे समाज और विश्व को आलोकित कर सके. उन्होंने आश्वासन दिया कि कॉलेज के विकास के लिए निरंतर सहयोग दिया जाएगा.
वरिष्ठ शिक्षाविद एस.पी. सिंह ने जैन कल्याण समिति को बधाई देते हुए कहा कि संस्था शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रही है. उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. वकर्स कॉलेज के प्राचार्य एस.पी. महालिक ने कहा कि किसी भी संस्थान की गुणवत्ता शिक्षक और विद्यार्थी के समन्वय पर निर्भर करती है. नए तिमंजिला भवन से कॉलेज की शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति होगी.
कॉलेज सचिव एवं शिक्षाविद डॉ. ए.पी. सिंह ने कॉलेज में हो रही शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी और शिक्षा की गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई. प्राचार्या ओ. रीता सिंह ने जैन कल्याण समिति, शिक्षकों और विद्यार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और भविष्य में कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा.
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों और विद्यार्थियों द्वारा नए भवन की खुशी साझा करने और कॉलेज की निरंतर प्रगति की कामना के साथ हुआ.

