
उदित वाणी, रांची: 15 नवंबर को झारखंड 22 साल का युवा हो जायेगा. मगलवार को इस अवसर पर मोराहाबादी मैदान में राज्य का 22वां स्थापना दिवस मनाया जायेगा.
इस अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया जायेगा. राज्य की जनता के लिए कई सौगातों की भी बरसात होगी. जिसमें राज्य के लोगों, युवाओं, विद्यार्थियों को कई सौगातें दी जायेगी. राज्यपाल व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समारोह में शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी 4 बड़ी योजनाओं की शुरुआत करेंगे. इसके अलावा किसानों के लिए एप व पोर्टल लॉंच करेंगे.
2 नई औद्योगिक पॉलिसी का भी शुभारंभ किया जायेगा। इस एप व पोर्टल के जरिए सूखा प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता दी जायेगी.
15 नवंबर से 19 दिसंबर तक सूखाग्रस्त घोषित किए गए प्रखंडों में कैंप लगाकर एप व पोर्टल में सूखा पीड़ित किसानों का रजिस्ट्रेशन किया जायेगा. मुख्य समारोह कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 12.30 से किया जायेगा तथा मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण सभी जिलों में लगी एलईडी स्क्रीन पर किया जायेगा.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के राजकीय समारोह में शमिल नहीं होने के बाद अब राज्यपाल रमेश बैस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे. जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे.
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा व सांसद शिबू सोरेन समेत भाजपा के राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश व आदित्य प्रसाद साहू, सांसद संजय सेठ व विधायक सी पी सिंह तथा झामुमो के राज्यसभा सांसद महुआ माजी, संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम व कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय व मंत्री सत्यानन्द भोक्ता को भी विशिष्ट व सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है.
मुख्यमंत्री सोरेन सोमवार को मोरहाबादी मैदान पहुंचकर राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर तैयारियों के संबंध में बिंदुवार पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि मुख्य समारोह कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले अतिथि एवं आमजनों के लिए बैठने की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करें. आगंतुकों के बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियों के बायीं तथा दायीं दोनों ओर एलईडी स्क्रीन्स लगाएं. कुर्सियां एवं एलइडी स्क्रीन्स सुनियोजित एवं व्यवस्थित ढंग से लगायें.
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मुख्य मंच के बैकग्राउंड में धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा का आदमकद तस्वीर लगायें और गाड़ियों की पार्किंग की भी व्यवस्था को दुरुस्त रखें. आमजनों को किसी प्रकार की अव्यवस्था का सामना न करना पड़े. विधि व्यवस्था का संधारण चुस्त-दुरुस्त रहे यह सुनिश्चित करें.


