
उदित वाणी, रांची : राज्य के सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में पहली काउंसिलिंग से नामांकन के बाद रिक्त सीटों को भरने के लिए शनिवार को फिर से नामांकन प्रक्रिया शुरू की जायेगी. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा दूसरी काउंसिलिंग के तहत सीटों का औपबंधिक आवंटन कर दिया गया है.
आवंटित सीटों के विरुद्ध अभ्यर्थियों को 31 अक्टूबर तक नामांकन करा लेने का निर्देश दिया गया है. गौरतलब है कि पहली काउंसिलिंग के बाद संस्थानों में बड़ी संख्या में सीटें रिक्त रह गई है. अधिकतर सीटें निजी संस्थानों में रिक्त हैं. सबसे अधिक 148 सीटें देवसंघा इंस्टीट्यूट आफ प्रोफेशनल स्टडीज में रिक्त है.
इसके बाद जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में 136 सीटें रिक्त है. वहीं पर्षद द्वारा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्देश पर दूसरी काउंसिलिंग के बाद रिक्त रहनेवाली सीटों के विरुद्ध नामांकन के लिए तीसरी एवं चौथी काउंसिलिंग की तिथियां भी घोषित कर दी गई है. तीसरी और चौथी काउंसिलिंग की प्रकिया क्रमशः 3 एवं 16 नवंबर से शुरू की जायेगी.
