
उदित वाणी, जमशेदपुर : ऑल झारखंड साउंड एंड लाइट कमेटी के अध्यक्ष दिनेश साह के नेतृत्व में शनिवार को साउंड एवं लाइट व्यवसाय से जुड़े लोग जिला जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में बजने वाले अश्लील गाने अथवा अवैध बिजली कनेक्शन के लिए सीधे साउंड और लाइट संचालकों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है.
दिनेश साह ने कहा कि आयोजकों के दबाव में ही अश्लील गाने बजाए जाते हैं और कई बार अवैध कनेक्शन भी उन्हीं के निर्देश पर किए जाते हैं. ऐसे मामलों में दोष आयोजक समिति का है, न कि साउंड और लाइट कर्मियों का. उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई कि इस प्रकार संचालकों पर अनावश्यक दबाव और शोषण न किया जाए.
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि पंडाल आयोजकों को इस संबंध में निर्देशित कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधि या दबाव डाला जाता है तो साउंड-लाइट कर्मी तुरंत जिला प्रशासन को सूचित करें.
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से संजीव मंडल, फिरोज खान, अमित, मंगल, सन्नी, दीपक, धीरज, पप्पू रजक, सोहन साह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.

