
उदित वाणी, जमशेदपुर : दुर्गा पूजा और दशहरा को देखते हुए शहर में उमड़ रही भीड़ और संभावित सुरक्षा चुनौतियों को लेकर पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. साकची स्थित सीसीआर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडे ने जवानों को आदेश दिया कि किसी भी स्थिति में जनता को असुविधा या असुरक्षा महसूस नहीं होनी चाहिए.
एसएसपी ने कहा कि बाजारों और पूजा पंडालों में भीड़ लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में यह और ज्यादा होगी. ऐसे समय में पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ जाती है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों के पंडालों में दिन में कम से कम दो बार अवश्य जाएं और स्थिति की निगरानी करें. अगर कहीं कोई आपत्तिजनक वस्तु, संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व दिखे तो तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दें और कार्रवाई करें.

उन्होंने यह भी चेताया कि पूजा के दौरान छिनतई और बाइक चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ जाती हैं. बहुत से लोग घर में ताला लगाकर पूजा घूमने निकलते हैं, ऐसे में अपराधी खाली घरों और पार्किंग में खड़ी बाइकों को निशाना बनाते हैं. इस तरह की वारदात रोकने के लिए गश्ती (पेट्रोलिंग) को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया. एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

पुलिसकर्मियों को दिए गए हैंडसेट और मोटरसाइकिल के प्रभावी उपयोग की भी बात उन्होंने कही. उन्होंने कहा कि जवान लगातार कंट्रोल रूम से संपर्क में रहें और थाना पदाधिकारी का नंबर हर पुलिसकर्मी के पास होना चाहिए. ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत समन्वय कर कार्रवाई की जा सके.
एसएसपी ने जवानों से कहा कि त्योहार का समय बेहद संवेदनशील होता है और थोड़ी सी चूक बड़ी घटना का कारण बन सकती है. ऐसे में हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना और जनता से संवाद बनाए रखना बेहद जरूरी है.

