
उदित वाणी, रांची: झारखंड सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री और मधुपुर विधायक हफीजुल हसन की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को गंभीर बताया है।
मंत्री का हालचाल जानने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री इरफान अंसारी, विधायक दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, संजय यादव समेत कई नेता और जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे और परिवार से मुलाकात की।
गौरतलब है कि मंत्री हफीजुल हसन ने जुलाई 2025 में दिल्ली के एक अस्पताल में हार्ट सर्जरी कराई थी। सर्जरी के बाद से ही वे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत लगातार नासाज चल रही थी, जिसके बाद सोमवार को उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, समर्थक और स्थानीय लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

