
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के मल्लियंता गांव में सोमवार शाम खेत में गए 50 वर्षीय महिला मालती सिंह की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई.
जानकारी के अनुसार, मालती सिंह किसी निजी काम के लिए खेत गई हुई थीं. शाम के समय अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान जोरदार वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से मालती सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं. परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. ग्रामीणों ने बताया कि मालती सिंह के चार बच्चे हैं. उनके निधन से पूरा परिवार गहरे सदमे में है. पति और बच्चे का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया. पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा. इधर ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक महिला के परिवार को मुआवजा दिया जाए, ताकि उनके बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके.

