
उदित वाणी, जमशेदपुर : सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटाबांकी के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में गुरुवार को अवैध शराब निर्माण के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान टीम ने सक्रिय महुआ चुलाई शराब भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया.
कार्रवाई के क्रम में मौके से 120 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई. वहीं, शराब बनाने में प्रयुक्त जावा महुआ, जिसे मिट्टी में गाड़कर सुरक्षित रखा गया था, लगभग 18 हजार किलोग्राम पाया गया. उठाने की प्रक्रिया के दौरान उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है.
छापेमारी के दौरान अवैध शराब विनिर्माण में संलिप्त तीन आरोपितों—विशाल कर्मकार, खेड़ा सिंह और राजन कर्मकार—की पहचान की गई. इनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अभियोग पंजीकृत किया गया है.
उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध शराब का धंधा समाज और स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा है. इससे न केवल राजस्व की हानि होती है, बल्कि ग्रामीण अंचलों में अपराध और असामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है. विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कदम उठाए जाएंगे.
दुर्गम और जोखिम भरे क्षेत्रों में की गई इस छापेमारी को विभाग ने बड़ी सफलता करार दिया है. अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की सूचना विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि क्षेत्र को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जा सके.

