
उदित वाणी जमशेदपुर : राज्य सरकार ने होल्डिंग टैक्स में भारी वृद्धि कर दी है,. इससे लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. राजनीतिक दलों की भी इसपर नजर है. यही कारण है कि सियासी हलकों में भी इसका कड़ा विरोध किया जाने लगा है. लोगों का कहना है कि होल्डिंग टैक्स तो नागरिक सुविधाओं के एवज में दिया जाता है. लेकिन निकायों में तो बिजली-पानी, सडक़ व कहचा उठाव की स्थिति में तो कोई सुधार हुआ नहीं ऐसे में होल्डिंग टैक्स में बढ़ोत्तरी क्यों? कारोबारी भी इससे खूब परेशान हैं. मानगो व जुगसलाई के कई कारोबारियों ने कहा कि कोरोना के कारण व्यवसायी व आमजन पहले से ही त्रस्त है. होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी से उन पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा. खाने-पीने के समान हो या फिर जीवन से जुड़ी अन्य वस्तुएं हर चीज में मंहगाई शिखर पर है. महंगाई से सबसे अधिक पीडि़त मध्यमवर्ग हैं. ऐसे में झारखंड सरकार का होल्डिंग टैक्स बढ़ाने का फैसला आम लोगों के हित में नहीं होगा, लोगों का कहना है कि होल्डिंग टैक्स निकायों की ओर से दी गई सेवा के एवज में लिया जाता है, सडक़, बिजली, पानी सफाई, स्वच्छ नाली इत्यादि देना होता है. शहर के गैर कंपनी इवाकों वस्तु स्थिति सबके सामने है. बिजली, पानी, कूड़ा उठाव की व्यवस्था दिन-प्रतिदिन दयनीय होती जा रही है. ऐसे में बिना सुविधा दिए टैक्स में बढ़ोतरी का निर्णय अनुचित है. बढ़ोतरी का सीधा असर आमजन के जेब पर पड़ेने लगा है. लोगों का कहना है कि जनहित में सरकार को बढ़ोतरी पर पुनर्विचार करना चाहिए.
मशाल जुलूस से माहौल बनाने की शुरुआत
मानगो नगर निगम की ओर से तीन गुना बढ़ाए गए होल्डिंग टैक्स के खिलाफ मशाल जुलूस निकालकर माहौल बनाने की शुरुआत की गई है. जुलूस में शामिल लोगों ने बढ़े हुए होल्डिंग टैक्स वापस लेने को लेकर नारेबाजी की थी. इसके बाद हर इलाके में विरोध जताने के लिए लोगों को तैयार किया ाज रहा है. मानगो के लोगों का कहना है कि मानगो नगर निगम द्वारा किसी प्रकार की नागरिक सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाती है. इसके बावजूद लोग होल्डिंग टैक्स देते हैं. लेकिन अचानक होल्डिंग टैक्स की राशि में तीन गुना बढ़ोतरी असहनीय है. इसका विरोध होगा.
मानगो के लोग बन्ना गुप्ता से मिले होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी का विरोध
मानगो क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक बन्ना गुप्ता से उनके कदमा मुलाकात की और मानगो नगर निगम द्वारा होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी को रोकने के लिए एक ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने की गई बढ़ोतरी के विषय पर फिर से विचार और बढ़ी हुई दर को वापस करने के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा है. इस अवसर पर पप्पू सिंह, मनोज भगत, जीतू सिंह, पप्पू सिंह उज्जैन, भवानी सिंह, सुरेंद्र गुप्ता, संजय शर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
जुगसलाई में होल्डिंग टैक्स वृद्धि का होगा विरोध : अनिल मोदी
भाजपा के जिला महामंत्री अनिल मोदी ने जुगसलाई नगर परिषद अंतर्गत होल्डिंग टैक्स में तीन गुणा वृद्धि का विरोध किया है. उन्होनें पत्र लिखकर इस वृद्धि को वापस लेने का आग्रह राज्य सरकार से किया है. उन्होनें कहा कि राज्य की जनता अभी भी कोरोना की मार से उबरने के प्रयास कर रही है. इस महामारी में लोगो की नोकरी छूट गयी. कइयों का व्यवसाय बन्द हो गया. अभी कोरोना का दौर गुजरने के बाद लोग खुद को व्यवस्थित एवं फिर से स्थापित करने में लगे है. ऐसे में होल्डिंग टैक्स का बढऩा उनके जले पे नमक छिडक़ने जैसा है. उन्होनें कहा कि अभी लोगों की प्राथमिकता घर का राशन ओर बच्चों की फीस है.उन्होनें कहा कि अभी तो सरकार को आम जनता को राहत देने का काम करना चहिये,ना कि उनकी मुश्किलों में वृद्धि करनीं चहिये.उन्होनें साफ कहा कि होल्डिंग टैक्स बढ़ाने का यह अनयुपयुक्त समय है. उन्होनें कहा की सरकार को पहले नगर निकायों में मूलभूत नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चहिये. उसके बाद टैक्स बढ़ाना चहिये. उन्होंने कहा कि जुगसलाई में नागरिक सुविधाएं बदहाल है.उन्होंने कहा कि जुगसलाई नगर परिषद द्वारा कचरा निस्तारण एवं स्वच्छता के दमाम दावों के बावजूद विभिन्न स्थानों पर कचरे का ढेर व्यवस्था की कलई खोल रहा है.उन्होनें कहा कि जुगसलाई की जनता इस अप्रत्याशित वृद्धि के विरोध में है. उन्होंने कहा कि यदि इस वृद्धि को वापिस नही लिया गया तो जुगसलाई की जनता सडक़ों पर उतर कर आंदोलन करेगी.
भाजपा मानगो मंडल ने होल्डिंग टैक्स में वृध्दि को लेकर बनाई रणनीति
मानगो क्षेत्र में भी होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी कर दी गई हैं. इसी के विरोध में रविवार को शाम में भाजपा मानगो मंडल अध्यक्ष विनोद राय के नेतृत्व में एक विशेष बैठक साउथ प्वाइंट स्कूल मानगो में की गई. इसका संचालन मंडल के महामंत्री धर्मेंद्र कुमार ने किया. इसमें बिनोद राय ने बताया कि मानगो क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स की वृद्धि करने से जनता परेशान है. सरकार के इस फैसले के विरोध में जनता का साथ देने के लिए भाजपा मानगो मंडल उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जायेगी. वरिष्ठ भाजपा नेता सह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज सिंह ने बैठक में कहा कि पूरे मानगो क्षेत्र की जनता होल्डिंग टैक्स वृद्धि से परेशान हैं जिसका निराकरण राज्य की सरकार नहीं कर पा रहे हैं. जब तक इसका कोई निराकरण नहीं हो जाता पूरे मानगो क्षेत्र की जनता होल्डिंग टैक्स नहीं देगी. प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजकुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हमें व्यापक रूप से बृहत पैमाने पर होल्डिंग टैक्स के विरोध में रूपरेखा तैयारी करनी चाहिए. बैठक में मुख्य रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता सह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजकुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार सिंह, डॉ राजीव कुमार, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, दशरथ चौबे, नीरज सिंह, जटाशंकर पांडेय, गंगा साहू ,अमर कुमार सिंह, प्रो यू पी सिंह,शिव प्रकाश शर्मा,भाजपा मानगो मंडल महामंत्री धर्मेंद्र कुमार , संतोष उपाध्याय,अशोक गौड़ ,हरदयाल सिंह, किशन महाराज, निशी नाथ सिन्हा, संजय सिंह, मंत्री अंकेश श्रीवास्तव, सोरव डे, रितु विश्वकर्मा,मीडिया प्रभारी शिव पांडे ,सुनिल गोराई ,युवा मोर्चा महामंत्री दीपक तिवारी ,महिला मोर्चा अध्यक्ष मीना शर्मा सीमा देवी, माधवी मिश्रा, कुलदीप ओझा सहित सैकड़ों कार्यकर्त उपस्थित थे.
एसिया ने किया खुलकर विरोध
आदित्यपुर नगर निगम की उद्योगों से होल्डिंग टैक्स लेने की जिद पर एसिया ने खुलकर विरोध किया है.एसिया के उद्यमियों ने कहा कि अगर इस पर भी नहीं माने तो सारे उद्यमी उद्योग बंद कर उद्योग सचिव को अपनी चाभी रांची जाकर सौंप देंगे. उद्यमियों ने कहा कि अपर नगर आयुक्त उद्यमियों को भयादोहन करने का प्रयास कर रहे हैं, वे अपनी रिहायशी क्षेत्र को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराएं जो कि कर नहीं पा रहे हैं. उद्यमियों ने कहा कि वे लोग शीघ्र उद्योग सचिव, मुख्य सचिव औऱ स्थानीय विधायक सह मंत्री से मिलकर अपर नगर आयुक्त के करतूतों से
अवगत कराएंगे. जिसके बाद कठोर निर्णय लेंगे. उद्यमियों ने कहा कि वे लोग प्रत्यक्ष रूप से 1.60 लाख लोगों को और 50 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार दे रहे हैं. ऐसे में उनका भयादोहन सरकार का कोई पदाधिकारी करे यह कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे.

