
उदित वाणी, रांची : बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत पूर्वी सिंहभूम एवं पाकुड़ जिले के किसानों द्वारा उत्पादित आम्रपाली किस्म के आमों का सऊदी अरब के देशों में भेजा गया. बाजार समिति के प्रयास से एपेडा और आल सीजन फार्म फ्रेम फ्रेश संस्था की ओर से आम्रपाली आमों को सऊदी भेजा गया है. यह पहला अवसर है, जब झारखंड से आमों का निर्यात किया गया और पहले ही अवसर में झारखंडी आमों ने की सऊदी अरब में धूम मचा दी है.
बताया गया कि झारखंडी आम्रपाली आम जेद्या व रियाद में हाथों-हाथ बिक रहा है. सऊदी अरब के जेद्दा और रियाद में 14 से 17 जुलाई तक चलने वाली मैंगो मानिया फेस्टिवल-2025 के प्रदर्शनी में झारखंड के आमों की प्रदर्शनी लगाई गई. मैंगो मानिया फेस्टिवल 2025 का उद्घाटन काउंसिल जनरल आफ इंडिया जेद्दा एचई फहाद अहमद खान ने किया. इस महोत्सव का आयोजन लुलु हाइपर मार्केट में किया गया है.
पूर्वी सिंहभूम जिला के पटमदा प्रखंड के किसान अशोक महतो और पाकुड़ के रंजीत पंडित, मिस्तारुक, मोर सलीम एवं सफी शेख की ओर से आमों का उत्पादन किया गया है. जिसे पिछले दिनों मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, सचिव अनुज कुमार एवं पाकुड़ जिला उपायुक्त मनीष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर आमों को रवाना किया था. जमशेदपुर के पणन सचिव अभिषेक आनंद के प्रयास से आमो को बाजार समिति द्वारा निर्यात किया गया है.

