
उदित वाणी, जमशेदपुर : कमलपुर थाना क्षेत्र के काटिन चौक बाजार में मंगलवार शाम हुई बड़ी चोरी की घटना से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत फैल गई है। बाइक सवार अज्ञात उचक्कों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरे बैग को बेहद आसान तरीके से झपटकर फरार हो गए। घटना के 16 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार, काटिन चौक स्थित श्री श्याम ज्वेलर्स के मालिक माणिक स्वर्णकार मंगलवार की रात लगभग 8:20 बजे अपनी दुकान बंद कर घर के लिए निकले। उनकी बाइक पर सोने-चांदी से भरा बैग टंगा हुआ था। घर जाते समय उन्हें कुछ घरेलू सामान लेने की बात याद आई, जिसके बाद वह करीब 100 फीट दूर स्थित श्याम भंडार नामक गल्ले की दुकान तक गए। उन्होंने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की और सामान लेने के लिए दुकान के अंदर चले गए।
इसी बीच मौका पाकर एक उचक्का अपनी बाइक से उतरा, माणिक की बाइक में टंगा बैग झपट लिया और अपने साथी की बाइक पर बैठकर पलक झपकते ही फरार हो गया। जब तक माणिक स्वर्णकार समझ पाते, तब तक चोर काफी दूर निकल चुके थे। उन्होंने जोर से शोर मचाया, लेकिन आसपास के लोग भी कुछ नहीं कर पाए।
घटना की सूचना पाकर कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
इस चोरी की वारदात के बाद बाजार के व्यापारियों में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस को रात में पेट्रोलिंग बढ़ानी चाहिए और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। वहीं, पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।

