
उदित वाणी, जमशेदपुर: नेशनल वेलनेस माह के अवसर पर, जमशेदपुर स्थित आत्महत्या निवारण केंद्र ‘जीवन’ ने मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की है। संस्था ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें, क्योंकि यह हमारी समग्र भलाई का अहम हिस्सा है।
‘जीवन’ ने अगस्त माह को आत्म-देखभाल, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए एक उपयुक्त समय बताया। संस्था ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल के लिए नागरिकों को नियमित नींद, संतुलित आहार, हल्की शारीरिक गतिविधि और परिवार एवं दोस्तों से खुलकर बातचीत करने की सलाह दी।
‘जीवन’ के अनुसार, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। संस्था ने यह भी कहा कि मदद माँगना कमजोरी नहीं, बल्कि समझदारी और साहस का प्रतीक है। आत्महत्या निवारण केंद्र ‘जीवन’ तनाव में जी रहे लोगों को निःशुल्क और गोपनीय परामर्श सेवाएं प्रदान करता है।
संस्था ने लोगों से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए कुछ सरल लेकिन प्रभावी उपायों को अपनाने की सलाह दी है, जैसे शौक पालना, प्रकृति के साथ समय बिताना, अपने विचारों को लिखना, और विश्राम के जरिए आत्म-देखभाल का अभ्यास करना।
इसके अतिरिक्त, ‘जीवन’ ने नियमित नींद के पैटर्न को बनाए रखने, खाने में मस्तिष्क को पोषण देने वाले खाद्य पदार्थों और हाइड्रेशन पर ध्यान केंद्रित करने, और शारीरिक रूप से सक्रिय रहने की सलाह दी है।
केंद्र ने नागरिकों से भावनात्मक बंधनों को मज़बूत करने के लिए दूसरों से जुड़ने और जब नकारात्मक भावनाएँ हावी होने लगें तो मदद लेने का भी आग्रह किया।
सहायता के लिए कोई भी व्यक्ति 9297777499 या 9297777500 पर संपर्क कर सकता है। इसके अतिरिक्त, ‘जीवन’ केंद्र, 25 क्यू रोड, बिष्टुपुर, जमशेदपुर पर भी जाकर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
संस्था ने इस अगस्त को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य की देखभाल का एक नया अध्याय शुरू करने का आह्वान किया है।

