
उदित वाणी, जमशेदपुर: सेंट्रल पब्लिक स्कूल (सीपीएस), आदित्यपुर के जूनियर विंग में आज जन्माष्टमी का पर्व हर्ष और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नर्सरी से लेकर द्वितीय कक्षा तक के विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान कृष्ण और राधा की वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए, जिससे आयोजन में रंग भर गया। विद्यार्थियों ने भक्ति संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को उत्सव और भक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सांस्कृतिक मूल्यों का संचार करना और भगवान कृष्ण के जन्म, उनके उपदेशों तथा प्रेम, मित्रता और धर्म के संदेश को बच्चों तक पहुंचाना था। स्कूल के प्राचार्य रामाशंकर सिंह और शिक्षकों ने बच्चों के उत्साह और रचनात्मकता की सराहना की।

