
उदित वाणी रांची: केंद्र सरकार प्रायोजित राष्ट्रीय जन सहयोग एवं बाल विकास संस्थान का क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र खूंटी के कालीमाटी में स्थापित किया जायेगा। इसके लिए खूंटी के डियर पार्क के पास पांच एकड़ जमीन चिह्नित की गई है और जबतक प्रशिक्षण केन्द्र की नई बिल्डिंग नहीं बनेगी, तबतक स्मार्ट सिटी स्थित जुपमी भवन को किराये पर लेने की सहमति बनी है।
मुख्यसचिव अलका तिवारी ने शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार के प्रस्ताव पर राष्ट्रीय जन सहयोग एवं बाल विकास संस्थान का क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में विभागीय सचिव मनोज कुमार ने बताया कि संस्थान में विभाग की योजनाओं को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करनेवाले कर्मियों को प्रशिक्षित और उनकी क्षमता संवर्धन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि सिर्फ झारखंड में ही ऐसे कर्मियों की संख्या 80 हजार के करीब है। जिसमें आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, पर्यवेक्षिका इत्यादि शामिल हैं।
झारखंड में स्थापित किये जा रहे इस संस्थान में झारखंड समेत पूर्वी भारत के राज्यों पश्चिम बंगाल, ओडिशा एवं बिहार में योजना संचालित करनेवाले कर्मियों के प्रशिक्षण का भी केंद्र बनेगा। राष्ट्रीय जन सहयोग एवं बाल विकास संस्थान का क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र फिलहाल गुवाहाटी, बेंगलुरु, इंदौर, लखनऊ और मोहाली में चल रहा है।

