
उदित वाणी जमशेदपुर : एक्सएलआरआई जमशेदपुर ने अपने एग्जिक्यूटिव एजुकेशन पोर्टफोलियो में महत्वपूर्ण विस्तार करते हुए दो नए पोस्टग्रेजुएट सर्टिफिकेट कार्यक्रमों—बिज़नेस एनालिटिक्स और सीनियर लीडरशिप—की घोषणा की है. देश के शीर्ष बी-स्कूलों में शामिल और आईआईआरएफ रैंकिंग में दूसरे स्थान पर स्थापित यह संस्थान डिजिटल युग की पेशेवर जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अनुभवी कार्यरत लोगों को उन्नत कौशल प्रदान करना चाहता है.
इन दोनों कार्यक्रमों को एक्सेंचर समूह का हिस्सा टैलेंटस्प्रिंट के सहयोग से शुरू किया जा रहा है. साझेदारी के तहत प्रोफेशनल्स को लाइव-ऑनलाइन प्रारूप में उच्चस्तरीय प्रबंधन शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी. कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को एक्सएलआरआई जमशेदपुर कैंपस में पांच दिन के इमर्शन का भी अवसर मिलेगा. कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रतिभागियों को एक्सएलआरआई का सर्टिफिकेट और 30,000 से अधिक पूर्व छात्रों के वैश्विक नेटवर्क का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा.
घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्सएलआरआई के एसोसिएट डीन ने कहा कि संस्थान जिम्मेदार और दूरदर्शी नेतृत्व विकसित करने के अपने उद्देश्य के प्रति प्रतिबद्ध है. उन्होंने इसे भविष्य की कौशल आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.
उन्होंने जानकारी दी कि बिज़नेस एनालिटिक्स प्रोग्राम 12 माह की अवधि का है, जिसे एआईसीटीई की स्वीकृति प्राप्त है. पाठ्यक्रम में वर्णनात्मक, पूर्वानुमान आधारित और प्रिस्क्रिप्टिव एनालिटिक्स पर विशेष फोकस रखा गया है. यह कार्यक्रम आईटी, बिग डेटा, ई-कॉमर्स, मार्केटिंग और रिसर्च क्षेत्रों से जुड़े शुरुआती एवं मध्य-स्तर के प्रोफेशनल्स के लिए उपयुक्त माना जा रहा है.
वहीं सीनियर लीडरशिप कार्यक्रम 10 वर्ष या उससे अधिक अनुभव वाले प्रबंधकों के लिए तैयार किया गया है. इसमें रणनीतिक सोच, नेतृत्व संचार, कॉर्पोरेट गवर्नेंस और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष सत्र शामिल होंगे, ताकि प्रतिभागी जटिल कारोबारी चुनौतियों का प्रभावी समाधान निकाल सकें.
दोनों कार्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी टैलेंटस्प्रिंट की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है.

