
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.): आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत पार्वतीपुर गांव स्थित तालाब के पास से वीर सिंह हांसदा नामक 20 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया है. प्रथम दृष्ट्या मामला हत्त्या का प्रतीत हो रहा है. वहीँ, शव मिलने के बाद आस-पास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. बताया जाता है कि मृतक स्थानीय कंपनी में मजदूरी का काम किया करता था. वहीं, मृतक के छोटे भाई विश्वनाथ हाँसदा ने बताया कि वह कल दोपहर से हीं लापता था. काफी खोज-बीन करने के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया. इस बीच मंगलवार आज प्रातः गांव के तालाब के पास से उसका शव मिला है. मृतक के छोटे भाई ने बताया कि मृतक के शरीर पर कई गंभीर चोट के निशान हैं तथा उसके आंख को भी कुचल दिया गया है. शव देखने से प्रतीत होता है कि पत्थर से कुचल कर निर्ममतापूर्वक हत्या की गई है. उधर, सूचना मिलने के बाद आरआईटी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा करने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ हीं पुलिस के द्वारा मामले की जाँच भी शुरु कर दी गई है.

