
उदित वाणी जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के बाहर शनिवार सुबह करीब 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक होंडा जैज़ कार (जेएच 05 बीएन 5846) अचानक आग की लपटों में घिर गई। सुबह के समय स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ रहती है, ऐसे में कार से उठते धुएं और तेज लपटों ने वहां मौजूद लोगों को दहशत में डाल दिया। कार गम्हरिया निवासी श्रीनिवास नायक की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, श्रीनिवास अपनी पत्नी के साथ बेटे को दुरंतो एक्सप्रेस में बैठाने स्टेशन पहुंचे थे। तीनों भीतर गए हुए थे और जब वापस लौटे, तो कार को धू-धू कर जलते हुए देखकर हैरान रह गए। सौभाग्य से कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की खबर मिलते ही रेल पुलिस, स्थानीय थाना की टीम और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। आग तेजी से फैल रही थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए दमकल की एक गाड़ी लगाई गई। लपटों की तीव्रता को देखते हुए एक जेसीबी मशीन भी मंगाई गई, जिसकी मदद से आग बुझाने की प्रक्रिया को तेज किया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, जबकि कुछ देर के लिए स्टेशन मुख्य गेट के बाहर यातायात भी बाधित रहा।
पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे तकनीकी खराबी का मामला मान रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग लगते ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने हटाकर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की। समय रहते दमकल की तत्पर कार्रवाई से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ समय तक हड़कंप का माहौल कायम रहा।

