
उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो फ्लाईओवर के आजाद बस्ती डाउन रैम्प एवं एलिवेटेड अप्रोच रोड के निर्माण कार्य को सुचारू तरीके से पूरा करने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। ट्रैफिक डीएसपी की ओर से जारी आदेश पर उपायुक्त और एसएसपी के हस्ताक्षर हैं। निर्देशों के अनुसार 25 नवंबर से 21 दिसंबर तक कई रूटों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। सबसे बड़ा बदलाव मानगो चौक से पारडीह चौक के बीच किया गया है, जहां इस अवधि में बड़े मालवाहक वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
सुबह 6 बजे से 8 बजे तक वन-वे व्यवस्था
निर्देशों के मुताबिक सुबह 6 बजे से 8 बजे तक पारडीह रोड स्थित बड़ा हनुमान मंदिर से मानगो चौक की ओर आने वाली स्कूल बसों एवं स्कूल वैन को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इस दौरान केवल स्कूल वाहनों को ही गुजरने की छूट होगी। इसके विपरीत, मानगो चौक से बड़ा हनुमान मंदिर की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश इस अवधि में पूरी तरह से बंद रहेगा। यह व्यवस्था स्कूल समय में ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से की गई है।
सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक दूसरी ओर का रूट बंद
सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक मानगो चौक से बड़ा हनुमान मंदिर की ओर जाने वाली सभी प्रकार की गाड़ियों का रूट यथावत रहेगा। वहीं, इस अवधि में बड़ा हनुमान मंदिर से मानगो चौक की ओर आने वाले सभी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का कहना है कि फ्लाईओवर के डाउन रैम्प निर्माण कार्य के दौरान यह व्यवस्था आवश्यक है।
छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
पारडीह चौक से मानगो ब्रिज की ओर जाने वाली छोटी गाड़ियों के लिए भी समयानुसार वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।
– सुबह 6 बजे से 8 बजे तक: छोटी वाहन सहारा सिटी – रोड नंबर 15 – पारडीह–मानगो रोड मार्ग का उपयोग करते हुए मानगो ब्रिज जा सकेंगे।
– सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक: छोटी वाहन सहारा सिटी – रोड नंबर 15 – मानगो–पारडीह रोड – चेपा पुल – ओल्ड पुरूलिया रोड होते हुए मानगो ब्रिज तक जा पाएंगे।
ट्रैफिक विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें, अनावश्यक रूप से बंद रास्तों की ओर न जाएं और निर्माण कार्य में सहयोग दें ताकि फ्लाईओवर निर्माण समय पर पूरा हो सके।

