
उदित वाणी जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने एटीएम से रुपये निकालने के नाम पर एक व्यक्ति के खाते से 70 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 27 सितंबर की रात की है। डिमना रोड निवासी मोती सिंह रुपये निकालने के लिए डिमना रोड स्थित केनरा बैंक एटीएम पहुंचे थे। उन्होंने कई बार प्रयास किया, लेकिन कैश नहीं निकल पा रहा था। इस बीच पीछे से एक युवक आया और मदद करने का बहाना किया। उसने कहा कि वह रुपये निकाल देगा।
युवक ने मोती सिंह का एटीएम कार्ड लिया और मशीन में डालने का नाटक करते हुए कार्ड बदल दिया। उसने कार्ड को मशीन में फंसा दिया और मौका पाकर वहां से निकल गया। कुछ ही देर बाद मोती सिंह के मोबाइल पर खाते से 70 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया।
घटना का अहसास होते ही मोती सिंह तुरंत उलीडीह थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मोबाइल नंबर 8409036059 के धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला एटीएम कार्ड स्वैपिंग से जुड़ा प्रतीत होता है। जांच टीम बैंक और एटीएम बूथ से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान हो सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अजनबी की मदद से रुपये निकालने से बचें और सतर्क रहें।
