
उदित वाणी जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के मखदमपुर रोड नंबर 2 में गुरुवार सुबह एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अली हुसैन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी का निवासी था और मखदुमपुर में किराए के मकान में अकेले रहकर काम करता था।
घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब सुबह काफी देर तक अली अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, तो भीतर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। अली फंदे से झूल रहा था। तत्काल इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर परसुडीह थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे की जांच की। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
मृतक के पिता सलीम अंसारी ने बताया कि उन्हें एक फोन कॉल से बेटे की मौत की खबर मिली। वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि दरवाजा टूटा हुआ था और अली फंदे से लटका हुआ था। उन्होंने बताया कि अली अविवाहित था और कुछ दिनों से थोड़ा चुपचाप रहने लगा था, लेकिन उसने ऐसा कदम उठाएगा, इसकी उम्मीद नहीं थी।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अली द्वारा यह कदम क्यों उठाया गया, इसका कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस उसके मोबाइल फोन और निजी जीवन से जुड़े पहलुओं की गहन छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना से परिवार और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं।
