
उदित वाणी, जमशेदपुर : राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर संयुक्त युवा संघ ने सोमवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर शहर के प्रमुख चौराहों पर स्वामी विवेकानंद की भव्य प्रतिमा स्थापना तथा नशा-अपराध मुक्त शहर बनाने की मांग की. संगठन का कहना है कि स्वामीजी की प्रतिमा युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी.
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के वैश्विक प्रेरणास्रोत हैं. उनके विचार राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण एवं आत्मबल मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं. जमशेदपुर जैसे औद्योगिक एवं युवा बहुल शहर में यह प्रतिमा ऊर्जा केंद्र साबित होगी. पांच वर्ष पूर्व भी यही मांग उठाई गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे युवाओं में निराशा है.
ज्ञापन में शहर में बढ़ती नशाखोरी एवं आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई गई. संघ ने कहा कि भटकते युवाओं को सही दिशा देने के लिए स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को स्थापित करना जरूरी है. नशा मुक्ति अभियान से ही समस्या पर नियंत्रण संभव है. संगठन ने प्रशासन के साथ युवाओं के संयुक्त प्रयास का आश्वासन दिया.
मुख्य मांगें इस प्रकार हैं-
– प्रमुख चौराहों पर स्वामी विवेकानंद की भव्य प्रतिमा शीघ्र स्थापित की जाए.
– नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त शहर बनाने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए.
उपायुक्त ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया.

