
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर सोमवार, 17 नवंबर को विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा परिसर में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित की गई. यह प्रेस वार्ता माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में हुई, जिसमें छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. किश्वर आरा, कुलानुशासक डॉ. सुधीर कुमार साहु, कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर, परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमा सुब्रमण्यम, विकास पदाधिकारी एवं स्पोर्ट्स एंड कल्चर कमिटी के चेयरमैन डॉ. सनातन दीप सहित विश्वविद्यालय की मीडिया समिति के सदस्य मौजूद रहे.

प्रेस वार्ता की शुरुआत प्रॉक्टर डॉ. सुधीर कुमार साहु ने मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए की. इसके बाद कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के प्रति उनके सहयोग और छात्राओं की उपलब्धियों को उजागर करने में निभाई गई भूमिका के लिए आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय हमेशा समयबद्ध परीक्षा प्रणाली, परिणामों के त्वरित प्रकाशन और शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्ध रहा है. आगामी दीक्षांत समारोह इसी का प्रत्यक्ष उदाहरण है.
परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमा सुब्रमण्यम ने बताया कि इस वर्ष कुल 1068 छात्राओं को उपाधियाँ दी जाएँगी, जिनमें से 713 छात्राओं ने समारोह हेतु पंजीकरण कराया है. समारोह में 25 स्वर्ण पदक और 17 रैंक होल्डर्स को सम्मानित किया जाएगा. प्रत्येक स्वर्ण पदक 40 ग्राम चाँदी पर सोने की कोटिंग से बनाया गया है और उस पर पदक विजेता का नाम अंकित होगा.

समारोह में महामहिम राज्यपाल सह कुलाधिपति माननीय श्री संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. उनका आगमन अब 12:45 बजे निर्धारित है. सभी आमंत्रितों को दोपहर 12 बजे तक और डिग्री प्राप्तकर्ताओं को सुबह 10 बजे तक XLRI ऑडिटोरियम पहुँचने के निर्देश दिए गए हैं.
दीक्षांत समारोह हेतु निर्धारित ड्रेस कोड में सफेद सलवार-सूट के साथ लाल दुपट्टा या सफेद/क्रीम साड़ी में लाल बॉर्डर अनिवार्य घोषित किया गया है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि आयोजन स्थल XLRI ऑडिटोरियम की सभी व्यवस्थाएँ पूर्ण कर ली गई हैं.
कुलपति ने इस वर्ष प्रदान किए जाने वाले “डॉ. रेखा झा मेडल फॉर एक्सीलेंस इन इकोनॉमिक्स” की भी घोषणा की, जो स्वर्गीय डॉ. रेखा झा की स्मृति में उनके पति श्री वरुण झा द्वारा प्रायोजित किया जाता है. इस वर्ष यह मेडल स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग की टॉपर श्रद्धा सिन्हा को प्रदान किया जाएगा. उन्हें प्रमाणपत्र के साथ एक लाख रुपये की राशि भी दी जाएगी.

प्रेस कॉन्फ़्रेंस में विश्वविद्यालय की स्मारिका का भी उल्लेख किया गया, जिसमें एनईपी इंटर्नशिप, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी छात्राओं की उपलब्धियाँ शामिल हैं. इसका अनावरण दीक्षांत समारोह के दिन महामहिम राज्यपाल गंगवार द्वारा किया जाएगा.
कार्यक्रम के अंत में अंग्रेज़ी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मनीषा टाइटस ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. प्रेस वार्ता के दौरान संवादात्मक और सौहार्दपूर्ण माहौल रहा. उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने समारोह की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की और विश्वविद्यालय प्रशासन ने भव्य आयोजन को लेकर विश्वास व्यक्त किया.

