
उदित वाणी जमशेदपुर: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय, जमशेदपुर में छात्राओं के शैक्षणिक और व्यावहारिक ज्ञान को समृद्ध करने के उद्देश्य से एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन, रजिस्ट्रार डॉ सलोमी कुजूर के सहयोग एवं संकायध्यक्ष-सह-सीबीसी डॉ अन्नापूर्णा झा के नेतृत्व में संपन्न हुआ.
इस अवसर पर टाटा स्टील की रिसोर्स पर्सन डॉ सास्वती चकलाधर ने “From Carbohydrate Chemistry to Blast Furnace – My Transformative Journey” विषय पर रसायन विभाग की छात्राओं को संबोधित किया. अपने व्याख्यान में उन्होंने रसायन विज्ञान के विभिन्न पहलुओं, हरित रसायन के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण तथा औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध प्रशिक्षण और करियर की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला.
डॉ सास्वती चकलाधर ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार शैक्षणिक ज्ञान को औद्योगिक प्रयोगों से जोड़कर एक सफल पेशेवर यात्रा तय की जा सकती है. उनके व्याख्यान से छात्राओं को रसायन विज्ञान के व्यावहारिक उपयोग और उद्योगों में इसकी भूमिका को समझने का अवसर मिला.
कार्यक्रम में रसायन विभाग की संकायध्यक्ष डॉ अन्नापूर्णा झा, सहायक प्रोफेसर डॉ सरिता कुमारी, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी भीम सेन पुरान, निशा सिंह सहित रसायन विभाग की छात्राएँ उपस्थित रहीं. छात्राओं ने व्याख्यान को प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक बताया.

