
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का तृतीय वार्षिक खेल दिवस 2026 शनिवार को सिद्धगोड़ा परिसर में जबरदस्त उत्साह और उमंग के बीच संपन्न हुआ. छात्राओं, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी ने विश्वविद्यालय की खेलकूद व समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को उजागर किया.
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ आईपीएस श्री पीयूष पांडेय के स्वागत से हुआ, जिन्हें कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता, कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर, डीएसडब्ल्यू डॉ. किश्वर आरा तथा खेल एवं सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष डॉ. सनातन दीप ने स्मृति चिन्ह व पौधे भेंट कर सम्मानित किया. कुलपति द्वारा विश्वविद्यालय ध्वज फहराने के बाद छात्राओं ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जबकि डॉ. सनातन दीप ने स्वागत भाषण दिया.

मुख्य अतिथि ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना व शारीरिक फिटनेस के महत्व पर बल दिया तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों की सराहना की. कुलपति ने चरित्र निर्माण में खेलों की भूमिका रेखांकित करते हुए प्रतिभागियों व आयोजकों के सामूहिक प्रयासों की प्रशंसा की. राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें कराटे स्वर्ण पदक विजेता कर्णिशा दास, हैंडबॉल राष्ट्रीय खिलाड़ी अदिति कुमारी व भारती कुमारी बांकिरा, तीरंदाजी में सिमरन राव, टेनिस बॉल क्रिकेट राष्ट्रीय खिलाड़ी सुमन लोहार, कल्पना हांसदा, लक्ष्मी हेम्ब्रम, अंकिता महतो, रोशनी सोय, रोशिनी सोरेन, वॉलीबॉल राष्ट्रीय खिलाड़ी शांति सोरेन तथा बास्केटबॉल राष्ट्रीय खिलाड़ी जया व सिम्मी कुमारी शामिल रहीं.
बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, वॉलीबॉल, कबड्डी, योग, भाला फेंक, गोला फेंक व चक्र फेंक जैसी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया. कर्मचारियों के लिए स्पून एंड मार्बल रेस में शिक्षण वर्ग की डॉ. नीलम सिंह व गैर-शिक्षण वर्ग की सुश्री बसंती दास प्रथम रहीं, जबकि बॉम्बार्डिंग व रस्साकशी ने टीम भावना को बढ़ाया.
कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर ने धन्यवाद ज्ञापित किया, डॉ. मनीषा टाइटस व डॉ. नूपुर मिन्ज ने संचालन किया तथा कार्यक्रम राष्ट्रगान व ध्वज अवरोहण के साथ समाप्त हुआ. परीक्षा नियंत्रक, प्रॉक्टर, वित्त पदाधिकारी, विभागाध्यक्ष व अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे.

