
उदित वाणी जमशेदपुर : दुर्गा पूजा की उमंग के बीच शहर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाड़ाबासा में 19 वर्षीय युवक अजय बासा की उसके ही दोस्त संदीप कुमार ने बेरहमी से हत्या कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, संदीप तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास में गहरी आस्था रखता था। घटना की रात उसने अजय पर धारदार हथियार से हमला किया। जब घरवाले शोर सुनकर मौके पर पहुँचे तो देखा कि अजय बंधा पड़ा था और गंभीर चोटों से कराह रहा था। आनन-फानन में उसे टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर गोलमुरी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि हत्या की असली वजह का खुलासा जांच के बाद होगा, फिलहाल आरोपी संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संदीप के पिता का निधन करीब एक साल पहले हुआ था। इसके बाद वह मानसिक रूप से अस्थिर रहने लगा और तंत्र-मंत्र की ओर झुक गया। वह गाड़ाबासा स्थित एक पेंट की दुकान में काम करता था। अंधविश्वास की इसी धुन ने उसे अपने ही दोस्त की जान लेने तक पहुँचा दिया।
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल है। मोहल्ले के लोग इस निर्मम हत्या को अंधविश्वास का खतरनाक रूप बता रहे हैं। वहीं, दुर्गा पूजा के बीच घटी इस वारदात ने उत्सव की खुशी को मायूसी में बदल दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले की तह तक पहुँचने की कोशिश की जा रही है। साथ ही इलाके में अफवाहें न फैलें इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।

