
उदित वाणी जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला सामने आया है। रईस आलम, जो कारवां ट्रांसपोर्ट के तहत बस परिचालन करते हैं, ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार की देर रात मानगो बस स्टैंड से आरोपी प्रफुल्ल पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि आरोपी की कई दिनों से तलाश की जा रही थी। गुप्त सूचना पर मानगो बस स्टैंड में छापामारी कर उसे पकड़ा गया।
शिकायतकर्ता रईस आलम ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022-23 में प्रफुल्ल पांडे ने बस परमिट और टैक्स के नाम पर किस्तों के माध्यम से उनसे 6.5 लाख रुपये लिए। इसके एवज में आरोपी ने नकली परमिट और फर्जी टैक्स रसीदें उपलब्ध कराईं। मामला खुलने पर आलम को दंडस्वरूप अतिरिक्त 3.5 लाख रुपये टैक्स चुकाना पड़ा।
रईस आलम ने यह भी बताया कि उनके सहयोगी खिजर हयात के वाहनों—ओडी 09 के 9577, ओडी 09 के 9677, ओडी 09 के 7677 और ओडी 09 के 7977—के लिए भी आरोपी ने जाली दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। शिकायत में मोबाइल रिकॉर्डिंग और ऑनलाइन भुगतान के सबूत पेश किए गए हैं।
आलम ने कहा कि 28 जून 2025 को जब उन्होंने बकाया रकम की मांग की, तो आरोपी ने उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई और गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
