
उदित वाणी जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित होमपाइप कॉलोनी में सोमवार सुबह नशे में हुड़दंग मचा रहे युवकों का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि नशे की हालत में आरोपी करवा ने युवक धीरज कुमार का कान दांत से काट लिया।
एमजीएम से टीएमएच रेफर किया गया घायल
घटना के बाद घायल धीरज कुमार को पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे टीएमएच रेफर कर दिया गया। धीरज ने बताया कि करवा अपने दोस्तों के साथ घर के बाहर नशा करता था और हुड़दंग मचाता था। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध बढ़ने पर आरोपी ने हाथापाई के दौरान उसका कान दांत से काट लिया।
पहले भी हो चुकी है झड़प
घायल युवक ने बताया कि करवा और उसके साथियों के खिलाफ पहले भी नशा करने और हुड़दंग मचाने को लेकर विवाद हुआ था। उस समय भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। घायल धीरज कुमार ने कहा कि वह थाने में आरोपी करवा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएगा। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
पुलिस की जनता से अपील
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए नशा करने और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। स्थानीय निवासियों से भी अपील की गई है कि वे ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

