
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.): रेलवे कॉलोनी, आदित्यपुर स्थित शिव मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ महाप्रभु के भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा, जिसकी आज आधारशिला रखी गई. उक्त घोषणा राज्य के पूर्व मुख्य मंत्री सह जल संसाधन मंत्री चंपाई सोरेन ने की. इससे पूर्व श्री सोरेन आज भगवान जगन्नाथ की वापसी रथ यात्रा पूजन में शामिल होने इच्छापुर बस्ती के दुर्गा पूजा मैदान मंदिर में बने मौसीबाड़ी पहुंचे, जहाँ उन्होंने माथा टेका तथा भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र की पूजा अर्चना की. पुरेन्द्र के नेतृत्व में हुआ चंपाई का जोरदार स्वागत इससे पूर्व वापसी रथ यात्रा पूजन में शरीक होने पहुंचे चंपाई सोरेन का आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया. इस दौरान वहाँ श्री श्री जगन्नाथ भगवान रथ यात्रा पूजा कमेटी के सदस्य भी उपस्थित थे। मंत्री श्री सोरेन ने अपने संबोधन में क्षेत्र वासियों को वापसी रथ यात्रा पूजन के उपलक्ष्य पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होने कहा कि भगवान जगन्नाथ लोगों के जीवन में समृद्धि और खुशहाली लाएं, यही प्रार्थना है. उन्होंने कहा कि साल में एक बार महाप्रभु अपने गर्भगृह से निकलकर भक्तों के बीच दर्शन देने आते हैं। भक्तों की भगवान जगन्नाथ में गहरी आस्था है। इच्छापुर मौसीबाड़ी में पूजा अर्चना करने के बाद मंत्री चंपई सोरेन रेलवे कॉलोनी शिव मंदिर परिसर में बन रहे भगवान जगन्नाथ महाप्रभु के मंदिर निर्माण स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा अर्चना कर आकर्षक मंदिर के मॉडल स्वरूप चित्र का अवलोकन करते हुए यथाशीघ्र मंदिर बनाने की घोषणा की। इस अवसर पर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह सहित श्री श्री जगन्नाथ मंदिर रथ यात्रा पूजा कमेटी के अध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा, संरक्षक पी सी पात्रो, कोषाध्यक्ष मोहित कुमार, समाजसेवी विजय शंकर मिश्रा, डॉ नकुल चौधरी, सुरेश धारी, रंजीत प्रधान, देवप्रकाश देवता, शशांक गांगुली, श्रीनिवास यादव, परमेश्वर प्रधान, सुभाष करुआ, बुबाई शर्मा समेत पूजा कमेटी एवं स्काउट गाइड के सदस्य उपस्थित थे।

