
उदित वाणी जमशेदपुरः कदमा से आदित्यपुर को जोड़ने वाले कदमा टोल रोड के समीप खरकई पुल से एक युवक द्वारा छलांग लगाने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद से युवक लापता है, और उसकी तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि यह घटना आज सुबह की है, जब युवक ने अचानक खरकई पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटनास्थल से गुजर रहे लोगों ने इस घटना की जानकारी टोल रोड के कर्मचारियों को दी, जिन्होंने तुरंत आदित्यपुर पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह पता चला है कि युवक ने अपनी मोटरसाइकिल पुल के किनारे खडी की, अपनी चप्पल और शर्ट मोटरसाइकिल के पास छोड़ दी और फिर नदी में छलांग लगा दी। युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है और नदी के आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की जा रही है। अभी तक उसके परिवार वालों का कोई पता नहीं चला है। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली आदित्यपुर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द से जल्द युवक का पता लगाने के प्रयास कर रही है।

