
– अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने सूची में गिनाई गलतियां, जहां शिक्षक नहीं वहां भी दिखा दिए सरप्लस शिक्षक
उदित वाणी,जमशेदपुर : जिला शिक्षा विभाग ने तबादले के लिए जारी सरप्लस शिक्षकों की सूची में रोज नई विसंगितयां सामने आ रही है। इसे लेकर शिक्षक आंदोलन के मूड में हैं और तुरंत सूची को खारिज करने की मांग कर रहे हैं।
विसंगतियों का आलम यह है कि सूची में विभाग ने एक ही स्कूल को दो-दो शिक्षकों के नाम तबादला सूची में डाला है और विडंबना यह कि उन स्कूलों में दो ही शिक्षक उपलब्ध हैं। ऐसे में दोनों शिक्षकों का तबादला हो गया तो उन स्कूलों में पढ़ाएगा कौन। बुधवार को इस मामले में अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने भी मोर्चा संभाल लिया। संघ के जिला अध्यक्ष शिव शंकर पोलाई ने इस सूची को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
कहा है कि सरकारी विद्यालय के शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग पोर्टल के माध्यम से एक एनजीओ द्वारा शिक्षकों की सरप्लस व स्कूलों में रिक्ति की सूची बनवाकर जारी की गई है। उक्त सूची में भारी गड़बड़ी है। इस सूची में शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) की भी अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि आरटीई के आधार पर 30 छात्रों पर एक शिक्षक होना ही चाहिए, लेकिन इस सूची में जहां बच्चों के अनुपात में पदस्थापित शिक्षकों की संख्या कम है वहां भी शिक्षकों को सरप्लस दिखाया गया है। वहीं एक शिक्षकीय विद्यालय में रिक्ति नहीं दिखाया गई है।
उन्होंने बताया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय बादिया उर्दू में 6 से 8 तक में 142 छात्र संख्या पर दो शिक्षक हैं, यहां एक शिक्षक सरप्लस दिखाया गया है। प्लस टू उच्च विद्यालय खंडामौदा में 1 से 5 कक्षा में 75 बच्चों पर तीन शिक्षक हैं, जहां 2 शिक्षकों को सरप्लस दिखाया गया है। इसी तरह ओडिया मध्य विद्यालय पारुलिया, बहरागोड़ा में वर्ग 125 बच्चों पर पांच शिक्षक हैं, यहां तीन को सरप्लस दिखाया गया है। मध्य विद्यालय घासपदा में कक्षा 6 से 8 में 98 बच्चों पर तीन शिक्षक कार्यरत हैं, यहां दो को सरप्लस दिखा दिया गया है। इसी तरह उमवि धतकीडीह, घाटशिला में कक्षा 1 से 5 में 109 बच्चों पर 4 शिक्षक हैं, यहां 6-8 में कोई भी शिक्षक नहीं है और रिक्ति भी नहीं दिखाई गई है, यहां एक शिक्षक को सरप्लस दिखाया गया है। इसी तरह उमवि सारजामदा जमशेदपुर-2 में वर्ग 1से 5 में 212 छात्रों पर 4 शिक्षक हैं। यहां 6-8 में 191 छात्र पर कोई भी शिक्षक नहीं है, जबकि 2 शिक्षक को सरप्लस दिखाया गया है। जिला अध्यक्ष शिव शंकर पोलाई ने कहा कि इस तरह के ट्रांसफर-पोस्टिंग का संघ विरोध करता है। शिवशंकर पोलाई ने कहा कि जल्द ही वरीय पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
Advertisement
<
