
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर सुपर लीग (जेएसएल) ने शुक्रवार को टिनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अपनी बहुप्रतीक्षित युवा प्रतियोगिता फिर शुरू की. अंडर-13 और अंडर-15 दोनों वर्गों में पूरे दिन शानदार फुटबॉल देखने को मिला. एकतरफा जीत से लेकर कड़े मुकाबले तक, शुरुआती मैचों ने जमशेदपुर के ग्रासरूट स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की गहराई और ताकत को दर्शाया.
अंडर-13 वर्ग में
शुक्रवार का सबसे शानदार प्रदर्शन अनडिफीटेबल एफसी का रहा, जिसने जमशेदपुर स्ट्राइकर्स अंडर-13 को 5-0 से बुरी तरह हराया. जेएमएफए स्ट्राइकर्स एफसी ने भी कमाल किया और जेएफसी फर्नेस ब्लू को 6-1 से धूल चटाई. आर्मरी किंग्स ने धातकीडीह फुटबॉल कोचिंग को 3-0 से हराया, जबकि लोयोला हीरोज ने टिनप्लेट रेनबोज को 3-0 से आसानी से मात दी. तीन मुकाबले ड्रॉ रहे: टिनप्लेट लायंस 0-0 ज्ञान गंगा पाटमदा (रेड), टाटा पावर एएलटी 0-0 टिनप्लेट कोबरा क्रू और जेएफसी फर्नेस ग्रीन 1-1 जेएफसी फर्नेस येलो.

अंडर-15 वर्ग में
कई बड़े अंतर वाली जीतें देखने को मिलीं. आदित्यपुर कम्युनिटी-रेड ने टेल्को एफसी ग्रीन को 7-0 से रौंद डाला, जबकि टाटा पावर एएलटी ने एस.एम. लकी को भी 7-0 से ही हराया. आर्मरी स्टॉर्म स्ट्राइकर्स ने जूनियर टाइगर टेल्को को 3-0 से क्लीनिकल तरीके से मात दी. किशोर संघ कदमा अंडर-15 ने एलएफएस लोयोला अंडर-15 को 3-0 से हराया. इस वर्ग में चार मुकाबले ड्रॉ रहे: पार्क इंडिया 0-0 जेएफसी टर्फ किंग्स, जमशेदपुर फुटबॉल स्कूल (ग्रीन) 0-0 जेएमएफए अर्बन फाइटर, ज्ञान गंगा पाटमदा ब्लू 0-0 हाला मैड्रिड और धातकीडीह जेएसएल आयरन 0-0 डी.एफ.सी.सी.
भारत का सबसे बड़ा ग्रॉसरूट फुटबॉल महोत्सव
जमशेदपुर सुपर लीग को भारत का सबसे बड़ा और सबसे समावेशी ग्रासरूट फुटबॉल महोत्सव माना जाता है. इसमें बच्चों की विभिन्न श्रेणियों के अलावा माताओं, पिताओं, वेटरन्स, कोचों, लड़कियों और ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की सामुदायिक लीग भी शामिल हैं. कुल 2,000 से अधिक प्रतिभागी इसमें हिस्सा लेते हैं. छह महीने लंबी इस लीग ने जमशेदपुर के हर कोने में साल भर फुटबॉल को जिंदा रखने का आंदोलन बना दिया है.

