
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी की जमीनी स्तर की लीग जमशेदपुर सुपर लीग बाल दिवस पर टाटा फुटबॉल अकादमी (टीएफए) में एक भव्य पुरस्कार समारोह के साथ संपन्न होगी. इस समारोह में विभिन्न आयु वर्ग के विजेताओं के साथ-साथ कोच लीग, फादर्स लीग और मदर्स लीग के चैंपियनों का भी सम्मानित किया जाएगा. इस अवसर को और भी रंगीन बनाने के लिए यह समारोह बाल दिवस पर आयोजित किया जाएगा, जो इसे उन युवा फुटबॉलरों को समर्पित एक आनंदमय उत्सव बना देगा, जिन्होंने पूरे लीग में अपनी प्रतिभा और जुनून का प्रदर्शन किया है.
18 अक्टूबर को शुरू हुई यह लीग तीन स्थानों – आर्चरी ग्राउंड, टिनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स फुटबॉल टर्फ पर आयोजित की गई थी. इसमें पांच आयु वर्ग शामिल थे- अंडर-5, अंडर-7, अंडर-9, अंडर-11 और अंडर-13, जिससे युवा फुटबॉलरों को अपने कौशल और खेल के प्रति प्रेम को प्रदर्शित करने के लिए एक जीवंत मंच मिला.
इस संस्करण में कुल 70 टीमों और 628 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 33 टीमें बुनियादी स्तर के स्कूलों से और 37 टीमें विभिन्न अकादमियों और क्लबों से थीं. मैचों में रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसमें अंडर-5 वर्ग में 68, अंडर-7 वर्ग में 153, अंडर-9 वर्ग में 45, अंडर-11 वर्ग में 91 और अंडर-13 वर्ग में 120 मैच खेले गए.

