
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में आवारा सांड़ के द्वारा हमला में दो दो लोगों की मौत के बाद जेएनएसी आवार पशुओं को पकडऩे के लिए अभियान चलाया है. अब शहर के किसी भी क्षेत्र में अगर कहीं भी आवारा सांड या गाय पाया जाता है तो ऐसे पशुओं को पकड़ कर गौशाला भेजा जाएगा. आज उप नगर आयुक्त श्री कृष्ण कुमार द्वारा शहर में आवारा पशुओं एवं सांडों को सडक़ों से हटाने के लिए किए जाने वाले अभियान की समीक्षा एवं क्रियान्वयन पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.
बैठक मेंटाटा स्टील यूआईएसएल के विशेषज्ञ दल, पशुपालन विभाग के अधिकारी तथा गौशाला संचालक उपस्थित रहे. सभी टीमों को संयुक्त रूप से अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए. उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की मुख्य सडक़ों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से आवारा पशुओं को तुरंत हटाया जाए, ताकि सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. निर्धारित टीम कल से मैदान में उतरेगी, जो विभिन्न वार्डों में समन्वित रूप से पकडऩे का अभियान चलाएगी. जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवारा पशुओं की सूचना उपलब्ध कराकर अभियान में सहयोग प्रदान करें.
