
उदित वाणी. जमशेदपुर: शहर में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार की रात सीतारामडेरा और मानगो में छापेमारी कर कुल छह तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से 60 पुड़िया ब्राउन शुगर, 6,650 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है.
कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-I भोला प्रसाद ने किया। उन्होंने बताया कि रात करीब 7:40 बजे सीतारामडेरा के स्लैग रोड स्थित न्यू सीतारामडेरा पार्क में छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में लिप्त बादल बनिया (25) और गौरव राम (25) को रंगे हाथ पकड़ा गया। दोनों के पास से 15 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकद राशि मिली। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हत्या, लूट, चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामलों में पूर्व से आरोपी हैं। बादल हाल ही में टकलू हत्याकांड में जेल से बाहर आया है.

इसके बाद पुलिस टीम मानगो पुल के पास स्वर्णरेखा नदी किनारे पहुंची और दूसरी छापेमारी में शिवाजी गोप उर्फ नाडू, सर्जन कुमार उर्फ साजन, अता मोहम्मद और टुनटुन यादव को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 45 पुड़िया ब्राउन शुगर, 6,650 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों में से तीन पहले भी ब्राउन शुगर की बिक्री, आर्म्स एक्ट, चोरी और मारपीट जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं.
पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अधिकारियों ने कहा कि नशे के कारोबार पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

