
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.)ः माँझी टोला बस्ती, आदित्यपुर स्थित संजय नगर में नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मोड़ के पास मामूली विवाद को लेकर बीती रात गोलियाँ चली है. इस घटना में युवा रााजद जिलाध्यक्ष उदित यादव के भाई विवेक यादव तथा उसका मित्र जसनप्रीत सिंह भुट्टर जख्मी हुए हैं, जिनका टीएमएच में उपचार चल रहा है. सूचना मिलने के बाद पहुँची आदित्यपुर पुलिस की टीम के द्वारा अनुसंधान का कार्य शुरु कर दिया गया है. और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे के द्वारा घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है. जानकारी के अनुसार, बीती रात युवा राजद जिलाध्यक्ष उदित यादव के भाई विवेक यादव अपने मित्र जसनप्रीत सिंह भुट्टर के साथ ट्रांसपोर्ट में चलने वाले ट्रकों का काम पूरा कर देर रात घर लौट रहे थे. इसी दौरान एस टाईप मोड़ में बीडीएस मॉल के पास एक चाय दुकान में कुछ युवकों के साथ उनका विवाद हो गया. उसके बाद विवेक तथा जसनप्रीत हुँडई कार में सवार होकर वहाँ से निकल गये. इसी दौरान, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स मोड़ के पास अचानक काले रंग की वेन्यू कार पर सवार 4 से 5 युवक वहाँ पहुँचे तथा उन्होंने विवेक तथा जसनप्रीत के उपर फायरिंग कर दी. जसनप्रीत को पेट में गोली लगी है तथा अभी टीएमएच में उसका ऑपरेशन चल रहा है. जबकि अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली विवेक यादव के गले के पास से होकर निकल गई है तथा वह अभी टीएमएच में ऑब्जर्वेशन पर है.
बीडीएस मॉल के पास चाय दुकान पर अक्सर होता है विवादबताया जाता है कि एस टाईप मोड़ के पास स्थित बीडीएस मॉल के पास के चाय दुकान में अक्सर विवाद होता रहता है. इसका कारण उक्त स्थान पर देर रात तक चाय दुकान का खुला रहना बताया जाता है. देर रात चाय दुकान खुले रहने की वजह से वहाँ असमाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लगा रहता है. और अनेक बार वहाँ मारपीट की घटनायें भी घटित हो चुकी है

