
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर की सड़कों पर इन दिनों जिला प्रशासन की ओर से चलाया जा रहा अनोखा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है. सड़क पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के सामने अचानक “यमराज” का रूप धरे कलाकार प्रकट होकर उन्हें सख़्त लेकिन संवेदनशील संदेश दे रहे हैं.
उपायुक्त के निर्देश पर जमशेदपुर में 1 जनवरी से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है, जिसके तहत लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रतीकात्मक रूप से यमराज का सहारा लिया गया है. बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को रोककर यमराज यह एहसास दिला रहे हैं कि नियमों की अनदेखी सीधे तौर पर जान के जोखिम से जुड़ी है.
सड़क पर बिना हेलमेट रफ्तार भरते दोपहिया चालकों के सामने जब अचानक यमराज का तांडव और चेतावनी भरा संदेश गूंजता है, तो लोग चौंक जाते हैं और रुककर अपनी गलती पर सोचने को मजबूर होते हैं. अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी और ट्रैफिक डीएसपी मौके पर मौजूद रहकर नियम तोड़ने वालों को फूल देकर समझाते दिखाई दिए और उनसे सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की.
जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह का उद्देश्य चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है. उन्होंने बताया कि हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है. वहीं ट्रैफिक डीएसपी नीरज ने भी लोगों से अपील की कि वे खुद सतर्क रहें और अपने परिवार के सदस्यों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें.
यमराज की भूमिका निभा रहे आशुतोष ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष भी इसी तरह का जागरूकता अभियान चलाया था, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला था. इस बार भी उनका उद्देश्य लोगों को डराना नहीं, बल्कि यह समझाना है कि सड़क नियमों का पालन करना ही जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है.
कुल मिलाकर, प्रशासन का यह अनोखा और रचनात्मक प्रयास शहरवासियों को झकझोरने में सफल होता दिख रहा है. अब देखना होगा कि सड़क सुरक्षा माह के बाद लोग कितनी गंभीरता से नियमों को अपनी रोजमर्रा की आदत का हिस्सा बनाते हैं, लेकिन फिलहाल इतना तय है कि जमशेदपुर जिला प्रशासन ने लोगों का ध्यान सड़क सुरक्षा की ओर खींचने में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है.

